Hamirpur News: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के हिमगिरि और उदयगिरि हॉस्टल में चोरी की नीयत से घुसे एक अज्ञात युवक को पकड़ा गया है। आरोपी की पहचान नई दिल्ली के उत्तम नगर निवासी आदित्य चौधरी के रूप में हुई है। वह हॉस्टल के कमरे से बाहर निकलते समय पकड़ा गया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
हिमगिरि हॉस्टल के कमरा नंबर जी-54 से बाहर निकलते वक्त अटेंडेंट ने आरोपी को देखा। शुरुआती पूछताछ में आरोपी खुद को आईआईटी मंडी का छात्र बता रहा था। बाद में उसने हिमगिरि और उदयगिरि दोनों हॉस्टलों के कमरों से पैसे चुराने की बात स्वीकार कर ली। हॉस्टल प्रशासन ने तुरंत उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की तलाशी में आरोपी के पास से 21,510 रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड, पहचान पत्र, पैन कार्ड और आईआईटी मंडी का फर्जी आईडी कार्ड मिला। इसके अलावा एक रेडमी मोबाइल, एसस का लैपटॉप, एचआरटीसी बस टिकट और एक बैग भी बरामद हुआ है। पुलिस जब्त सामान के आधार पर आगे की छानबीन कर रही है।
कांगड़ा निवासी हॉस्टल अटेंडेंट गुरभाग सिंह ने सदर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को दोपहर करीब 3:10 बजे वे मैस मैनेजर तेज कुमार के साथ निरीक्षण कर रहे थे। उसी समय जी-54 कमरे से निकलते संदिग्ध युवक से पूछताछ करने पर पूरा मामला सामने आया।
पूछताछ के दौरान एमएमसीए कार्यालय में सहायक वार्डन डॉ. नीरज धीमान भी पहुंचे। इसी बीच तीन-चार पीड़ित छात्र भी अपने कमरों से पैसे गायब होने की शिकायत लेकर पहुंचे। आरोपी ने दोनों हॉस्टलों में चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। एसपी बलबीर सिंह ने पुलिस मामला दर्ज कर जांच तेज होने की पुष्टि की है।