Mandi News: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ख्योड़ नलवाड़ मेले के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मंदिरों और सांस्कृतिक मेलों को राजनीतिक अखाड़ा बनाने से बचना चाहिए। ये उत्सव सामाजिक सरोकार और आपसी भाईचारे की पहचान हैं, इसलिए सभी दलों को राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए।
स्थानीय विधायक को दी नसीहत, रोकने की कोशिशों पर जताई नाराजगी
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें इस मेले में आने से रोकने की कोशिश की थी। उन्होंने स्थानीय विधायक विनोद कुमार को मंच से नसीहत दी कि उन्हें इस सांस्कृतिक आयोजन में मौजूद रहना चाहिए था। सत्ता और व्यवस्था बदलती रहती है, लेकिन सांस्कृतिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
गोहर में बस अड्डा निर्माण की मांग पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन परिवहन निगम के नाम होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र से एम्स बिलासपुर और पीजीआई चंडीगढ़ के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की घोषणा की। बासा कॉलेज और गोहर कॉलेज में रिक्त पदों को भरने का भी आश्वासन दिया।
नाचन क्षेत्र के जल शक्ति प्रोजेक्ट्स के लिए एक करोड़ की घोषणा
डिप्टी सीएम ने नाचन क्षेत्र में पानी के कनेक्शन और स्टोरेज टैंकों से जुड़े आवेदनों के निपटारे के लिए जल शक्ति विभाग को एक करोड़ रुपये देने का ऐलान किया। इसके अतिरिक्त स्थानीय ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए दस लाख रुपये मंजूर किए। कार्यक्रम में शशि शर्मा और चंपा ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।