Mandi News: मंडी जिले के सराज इलाके से एक बहुत ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दो दृष्टिबाधित और दिव्यांग नाबालिग बच्चों के साथ कथित तौर पर बर्बर मारपीट की गई है। इस घटना के बाद पीड़ित पिता ने ग्रामीणों के साथ मिलकर एसपी ऑफिस का रुख किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से न्याय और आरोपियों पर सख्त एक्शन की मांग की है।
कमरे में बंद करके बच्चों को दी गई यातनाएं
शिकायत के अनुसार पिछले करीब दो साल से गांव के कुछ लड़के इन मासूम बच्चों को लगातार निशाना बना रहे थे। आरोप है कि 17 जुलाई 2026 को करीब 15-20 युवकों की गैंग ने बच्चों को बहलाकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पूरी रात इन बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें काफी यातनाएं दीं।
आरोपियों पर बच्चों को जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकियां देने का आरोप है। स्कूल में भी इन बच्चों को परेशान किया जाता था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद मामला गंभीर हो गया है। ग्रामीण एकजुट होकर न्याय की मांग कर रहे हैं।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर पिता ने उठाए कई सवाल
पीड़ित बच्चों के पिता सुंदर सिंह ने बताया कि पहले भी पुलिस थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ। अब ग्रामीणों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर प्रशासन को चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर दोषियों पर एक्शन नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पिता और कुछ ग्रामीण उनसे मिलने आए थे। उन्होंने बच्चों को मेडिकल जांच के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेज दिया है। मामले की जांच के आदेश डीएसपी करसोग को दिए गए हैं। हालांकि, इतने गंभीर आरोपों के बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है।