Shimla News: हिमाचल प्रदेश में सूखे के दौर के बाद अब मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने छह से नौ अक्तूबर के बीच मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी
मौसम केंद्र शिमला के अनुसार छह अक्तूबर को कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। सात से नौ अक्तूबर के दौरान भी तेज हवाओं और बिजली चमकने का खतरा रहेगा। विभाग ने आम जनता और पर्यटकों को खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट के संकेत
मौसम के इस बदलाव से राज्य में ठंड बढ़ जाएगी। अगले तीन से चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री और न्यूनतम पारे में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे पहले राज्य में एक से पांच अक्तूबर तक सामान्य से 98 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने तेज आंधी और आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों के नीचे न खड़े होने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने की हिदायत दी है। तेज हवाओं से कमजोर ढांचों, बागवानी और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। दस और ग्यारह अक्तूबर को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।