Hamirpur News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने रविवार को बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्य में जल्द सत्ता परिवर्तन देखने को मिलेगा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार बनाएगी। जनता मौजूदा सरकार की गलत नीतियों से परेशान होकर अब बदलाव का पूरा मन बना चुकी है।
टिप्पर गांव में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की अहम बैठक आयोजित हुई। इसमें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर मंथन हुआ। इसके साथ ही आगामी कार्यक्रमों और सेवा गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई। नेताओं ने भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा कर महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।
हिमाचल प्रदेश के आठ हजार मतदान केंद्रों पर संगठन मजबूती
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा राज्य के 8,007 मतदान केंद्रों पर संगठन को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजबूत नेतृत्व पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। धारा 370 की समाप्ति और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण केंद्र सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
प्रदेश सह-प्रभारी दर्शना सिंह ने हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को नई पहचान मिली है। कांग्रेस और वामपंथी दल युवाओं को भटका रहे हैं। भाजपा आपातकाल और 1984 के सिख दंगों जैसे ऐतिहासिक तथ्यों के साथ इस नैरेटिव का करारा जवाब देगी।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन हमेशा किसी भी व्यक्ति से बड़ा होता है। हर कार्यकर्ता निजी हितों से ऊपर उठकर काम करे। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सात अक्टूबर को पूरे राज्य में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालने का बड़ा ऐलान किया।