रोहतांग दर्रे के पास बड़ा हादसा: फोटो खिंचवाते समय पहाड़ी से नीचे गिरा गाजियाबाद का छात्र, मौके पर दर्दनाक मौत

Share

- Advertisement -

Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में रोहतांग दर्रे के पास मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पहाड़ी के किनारे खड़े होकर फोटो खिंचवाते समय पैर फिसलने से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी 17 वर्षीय छात्र की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शैक्षणिक भ्रमण पर मनाली आया था गोविंदपुरम के स्कूल का 11वीं का दल

पुलिस के अनुसार गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित ब्राइटलैंड स्कूल के 11वीं कक्षा कॉमर्स के छात्रों का दल शैक्षणिक टूर पर मनाली पहुंचा था। मंगलवार को यह पूरा दल बर्फ देखने और घूमने के मकसद से रोहतांग दर्रे की ओर गया था। सभी छात्र पहाड़ी वादियों के बीच सैर-सपाटे का आनंद ले रहे थे।

पहाड़ी किनारे संतुलन बिगड़ने से हुआ दर्दनाक हादसा, छात्र ने मौके पर तोड़ा दम

मृतक की पहचान गाजियाबाद के आकाश नगर निवासी रुद्र कुमार के रूप में हुई है। रोहतांग के दूसरी तरफ वह एक पहाड़ी के किनारे फोटो खिंचवा रहा था। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे नीचे जा गिरा। भारी ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही मौत हो गई।

डीएसपी ने की पुष्टि, पर्यटकों से खतरनाक ढलानों पर न जाने की सख्त अपील

डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुरक्षा नियमों का पालन करें और ढलानों पर न जाएं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News