Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले की उपायुक्त किरण भड़ाना के पिता एवं पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की राजस्थान में हत्या कर दी गई है। भरतपुर के भौंडा गांव में क्रेशर प्लांट से जुड़े एक विवाद के दौरान 70 से 80 लोगों ने उन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल अतर सिंह भड़ाना को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना में उनके सहयोगी गगन शर्मा भी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त किरण भड़ाना सोमवार सुबह केलांग से तुरंत फरीदाबाद के लिए रवाना हो गईं।
मृतक अतर सिंह भड़ाना राजस्थान की बयाना विधानसभा सीट से विधायक रह चुके थे और बड़े गुर्जर नेता माने जाते थे। उनका परिवार मूल रूप से फरीदाबाद में रहता है। रविवार शाम वह भरतपुर में क्रेशर प्लांट पर पहुंचे थे, जहां स्थानीय ग्रामीणों के साथ हुआ विवाद देखते ही देखते काफी हिंसक हो गया।
घायल अवस्था में अतर सिंह भड़ाना को उपचार के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
लाहौल स्पीति की जिलाधीश किरण भड़ाना 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। 27 नवंबर 1990 को जन्मीं किरण भड़ाना ने अपने तीसरे प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में 120वीं रैंक हासिल की थी। उनके पास एमफिल और पीएचडी की उच्च डिग्रियां भी हैं। उन्होंने 28 अप्रैल 2025 को लाहौल स्पीति में उपायुक्त का पदभार संभाला था।
