Lahaul Spiti News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने काजा स्थित सीबीएसई स्कूल के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। छात्रों की मांग पर मुख्यमंत्री ने अलग-अलग छात्रावास बनाने, नए शैक्षणिक पाठ्यक्रम और पर्यटन से जुड़े विशेष स्किल ट्रेनिंग कोर्स शुरू करने का भरोसा दिया।
छात्रावास की समस्याएं दूर होंगी, बनेगा नया आवासीय ब्लॉक
संवाद के दौरान एक छात्रा ने हॉस्टल में महिला वार्डन, कुक और सफाई कर्मचारियों की कमी की बात कही। मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षकों के लिए भी अलग आवासीय ब्लॉक तैयार होगा। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अनुराधा राणा भी मौजूद रहीं।
नए सत्र से नैतिक शिक्षा और बेहतर कक्षाओं का भरोसा
पर्यावरण अध्ययन को पाठ्यक्रम में शामिल करने के सुझाव की मुख्यमंत्री ने तारीफ की। उन्होंने घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से स्कूलों में नैतिक शिक्षा का पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। कक्षाओं में ठंड और कम रोशनी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने स्कूल भवन के विकास और जरूरी सुविधाओं के लिए बजट जारी करने का भरोसा दिया।
स्पीति में बनेगा आइस हॉकी स्टेडियम, मिलेगा रोजगार
छात्रों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने स्पीति के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि घाटी में पर्यटन प्रोजेक्ट्स के जरिए युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा। क्षेत्र में आधुनिक आइस हॉकी स्टेडियम का निर्माण जारी है, जिससे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की राह खुलेगी। साथ ही युवाओं के लिए जल्द स्किल ट्रेनिंग कोर्स भी शुरू होंगे।
