Lahaul Spiti News: लाहुल-स्पीति जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. जगह-जगह आई बाढ़ से सैकड़ों लोग और गाड़ियां फंस गई हैं. जाहलमा और कडु नाले में पानी भरने से तांदी-संसारी रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है.
सोमवार दोपहर बाद जाहलमा नाले में अचानक बाढ़ आने से अस्थायी पुल बह गया. इसके बाद बीआरओ ने लोहे की प्लेटें डालकर पैदल निकलने का रास्ता तैयार किया है. आपदा के इस दौर में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नाला पार करने को मजबूर हैं.
बाढ़ के बाद कई घंटों तक कोई भी व्यक्ति नाला पार नहीं कर सका. सुबह करीब साढ़े 10 बजे लोगों की आवाजाही शुरू हो सकी. मटर से लदे सैकड़ों वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं. लगातार हो रही तेज बारिश के कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है.
बीआरओ टीम वैकल्पिक रास्ता बनाने में जुटी, खेतों को नुकसान
बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) की टीम मौके पर वैकल्पिक रास्ता बनाने में जुटी है. मनाली समेत लाहुल-स्पीति में बारिश का सिलसिला रुक नहीं रहा है. बाढ़ का पानी खंगसर गांव के खेतों में घुस गया, जिससे स्थानीय किसानों की फसलें पूरी तरह तबाह हो गई हैं.
स्पीति घाटी के शिचलिंग और नादांग इलाकों में भी बाढ़ से बड़ा नुकसान हुआ है. शिचलिंग से ताबो के बीच बना सड़क मार्ग बार-बार बंद हो रहा है. स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए लोगों को मौसम साफ होने तक सफर न करने की सख्त सलाह दी है.
विधायक अनुराधा राणा ने राहत कार्यों का लिया जायजा
लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि खराब मौसम और बारिश से राहत कार्यों में अड़चन आ रही है. जाहलमा नाले में लोहे की प्लेटें बिछाकर लोगों को निकाला जा रहा है. बीआरओ की टीम मुस्तैदी से काम में जुटी हुई है.
विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही नाले पर अस्थायी पुलिया बनाकर फंसे हुए सभी वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग डेढ़ हफ्ते के भीतर लोहे का पक्का पुल बनाकर तैयार कर दिया जाएगा ताकि यातायात सामान्य हो सके.