Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में निरमंड उपमंडल के पास बागीपुल-जाओं मार्ग पर अचानक भारी भूस्खलन हुआ है. पहाड़ खिसक कर सड़क पर आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई वाहन मलबे की चपेट में नहीं आया.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह खौफनाक हादसा सोमवार सुबह करीब 10:12 बजे बागीपुल के पास पेश आया. अचानक पूरी पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरक कर सीधा मुख्य मार्ग पर आ गिरा. पलक झपकते ही पूरी सड़क मलबे और बड़े-बड़े पत्थरों के ढेर में तब्दील हो गई.
हादसे के समय सड़क पर किसी गाड़ी के न होने से एक बड़ा हादसा टल गया. हालांकि सड़क अवरुद्ध होने के कारण मार्ग के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं. इस अचानक हुई नाकाबंदी से स्थानीय यात्रियों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुल्लू की टीम तुरंत हरकत में आई. पुलिस कंट्रोल रूम के साथ लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सूचना भेजी गई. आनी के एसडीओ, निरमंड के जेई और आनी के एक्सएन को मौके पर स्थिति संभालने के निर्देश दिए गए.
प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीमों ने भारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. रास्ते से मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है. अधिकारियों का प्रयास है कि जल्द से जल्द मार्ग को साफ करके यातायात को दोबारा सुचारू किया जा सके.
स्थानीय प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों से सतर्कता बरतने की अपील की है. अधिकारियों ने लोगों को फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा न करने की सलाह दी है. यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और सरकारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया गया है.