Manali News: पर्यटन नगरी मनाली के मशहूर माल रोड स्थित एक रेस्तरां में शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रामबाग चौक के पास पांच मंजिला इमारत में हुआ हादसा
मनाली के रामबाग चौक के पास स्थित एक पांच मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर अचानक आग की लपटें उठने लगीं। यह इमारत स्थानीय निवासी विजय सोहेल की है, जिसे उन्होंने किराए पर दिया हुआ है। पहली मंजिल पर नागपाल रेस्तरां संचालित होता है, जहां यह हादसा पेश आया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
रसोईघर से शुरू हुई आग, मालिक को 5 लाख का नुकसान
डीएसपी मनाली के.डी. शर्मा ने बताया कि आग रेस्तरां के रसोईघर से लगनी शुरू हुई थी। अग्निशमन विभाग मनाली के प्रभारी शरणपत विष्ट के अनुसार, समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस घटना में भवन मालिक को लगभग 5 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।