Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टापरी के पास नेशनल हाईवे-5 पर एक कार अनियंत्रित होकर सीधी सतलुज नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
राहत टीमों ने चलाया तीन घंटे का कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। टीमों ने करीब तीन घंटे तक बेहद कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इसके बाद क्रेन की मदद से कार और तीनों युवकों के शवों को सतलुज नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखी कार, पुलिस कर रही मामले की जांच
सीडीपीओ भावानगर राजकुमार वर्मा के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में दुर्घटनाग्रस्त कार (एचपी-25ए-6113) रात 2:30 बजे टापरी से भावानगर की तरफ जाती दिखी। दुर्घटना में सांगला तहसील के थेमगारंग निवासी नंद लाल (39) व अमृत सिंह (38) और सुंदरनगर के चोरट निवासी बलू राम (36) की मौत हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।