Kinnaur: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने एसजेवीएन लिमिटेड द्वारा संचालित 1500 मेगावाट क्षमता वाली नाथपा झाकड़ी जलविद्युत परियोजना (NJHPS) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की परिचालन दक्षता और देश की ऊर्जा अधोसंरचना को मजबूत करने में इसके योगदान की विस्तार से समीक्षा की।
स्वदेशी विनिर्माण और तकनीकी आत्मनिर्भरता पर जोर
दौरे के अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक राजीव कपूर ने राज्यपाल को परियोजना की विद्युत उत्पादन क्षमता, परिचालन संबंधी प्रमुख उपलब्धियों और तकनीकी प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अवगत कराया कि जलविद्युत परियोजनाओं में उपयोग होने वाले कई महत्वपूर्ण अत्याधुनिक उपकरण पहले विदेश से आयात किए जाते थे, लेकिन अब उनका निर्माण पूरी तरह स्वदेशी रूप से किया जा रहा है। यह उपलब्धि देश में स्वदेशी विनिर्माण और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक उल्लेखनीय प्रगति को दर्शाती है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को रेखांकित करते हुए राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों के माध्यम से देश स्वदेशी विनिर्माण के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
स्वच्छ ऊर्जा और राष्ट्रीय सुरक्षा
जलविद्युत को स्वच्छ भविष्य का एक अनिवार्य हिस्सा बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जलविद्युत उत्पादन की असीम संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं का प्रभावी दोहन न केवल राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करेगा, बल्कि सतत विकास और आर्थिक समृद्धि को भी गति प्रदान करेगा। इसके साथ ही उन्होंने कार्यस्थल पर तकनीकी नवाचार, सुरक्षा मानकों और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने परियोजना के प्रबंधन, इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए बधाई दी। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में इसी समर्पण, प्रतिबद्धता और पूर्ण कार्यनिष्ठा के साथ निरंतर अपना योगदान देने का आह्वान किया।