Reckong Peong News: जनजातीय जिला किन्नौर के मुख्यालय रिकांगपिओ स्थित महात्मा गांधी पार्क में आयोजित राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह हिमाचली लोक संगीत और पहाड़ी संस्कृति के नाम रही। इस दौरान कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों और मिस किन्नौर प्रतियोगिता ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहाड़ी गीतों और संगीतमय प्रस्तुतियों ने मोहा मन
महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि एपीएमसी के डायरेक्टर उमेश नेगी रहे। उनके साथ किन्नौर फेडरेशन के चेयरमैन चंद्र गोपाल नेगी, कॉपरेटिव बैंक के डायरेक्टर विक्रम नेगी, पीताम्बर दास, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. सूर्य बोरस सहित कई गणमान्य व्यक्ति, डीसी किन्नौर और एसपी किन्नौर मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पहाड़ी इवनिंग के साथ हुई, जिसमें सावि शर्मा, संजीव धीमान, शिवानी ठाकुर, दलजीत सिंह, रण सिंह चौहान, विजय शर्मा, कुशल वर्मा और नर कुमार ने एक से बढ़कर एक बेहतरीन पहाड़ी गीत पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
स्थानीय कलाकारों को मिला मंच और छाई मिस किन्नौर प्रतियोगिता
इस दौरान किन्नौर के स्थानीय गायक सावन नेगी समेत अन्य स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से स्थानीय लोक संस्कृति और संगीत की अनूठी छटा बिखेरी। इसके बाद आयोजित रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रम में हितेंद्र सहासी, दर्शन भंडारी, स्टैंजिन, भारती शर्मा, विनोद रांटा, हनी नेगी और विशेष प्रस्तुति के रूप में पहुंचे एसी भारद्वाज ने अपनी सुरीली आवाज से समां बांधा।
सांस्कृतिक संध्या का एक अन्य मुख्य आकर्षण ‘मिस किन्नौर’ प्रतियोगिता रही। पारंपरिक किन्नौरी परिधानों में सजी 26 प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका ध्यान खींचा। देश और प्रदेश के नामचीन शिक्षण संस्थानों में अध्ययन कर रही इन युवतियों का आत्मविश्वास और प्रस्तुतियां बेहद सराहनीय रहीं, जिन्हें देखने के लिए दर्शक देर रात तक डटे रहे।