हिमाचल प्रदेश का अनोखा रौलाणे उत्सव: जहां भगवान की नहीं बल्कि परियों की होती है पूजा, निभाई जाती है प्रतीकात्मक शादी

Share

- Advertisement -

Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के कल्पा गांव में एक बेहद अनोखा और प्राचीन उत्सव मनाया जाता है, जहां देवी-देवताओं की नहीं बल्कि परियों की पूजा की जाती है। पिछले पांच हजार वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत सर्दियों के अंत में स्थानीय लोग परियों का आभार व्यक्त कर उन्हें विदाई देते हैं, जो गांव की हर आपदा से सुरक्षा करती हैं।

क्या है 5000 साल पुराना रौलाणे उत्सव?

किन्नौर जिले के ऐतिहासिक कल्पा गांव में हिंदू और बौद्ध संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है, जिसकी जनजातीय पहचान में रौलाणे उत्सव का विशेष महत्व है। सर्दियों के मौसम के समापन पर मनाए जाने वाले इस पर्व का मुख्य उद्देश्य सौणी परियों को प्रसन्न करना और उनका आभार जताना है। मान्यता है कि सर्द मौसम में ये परियां गांव की हर छोटी-बड़ी आपदा से रक्षा करती हैं, और वसंत के आगमन पर इन्हें विदा किया जाता है। पांच से सात दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में स्थानीय संस्कृति और प्राचीन मान्यताओं की गहरी झलक मिलती है।

पुरुष निभाते हैं दूल्हा-दुल्हन की भूमिका

इस अनोखे उत्सव की सबसे बड़ी विशेषता इसकी प्रतीकात्मक शादी है, जो एक धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ लोगों और परियों के रिश्ते का प्रतीक भी है। इस अनुष्ठान में दो पुरुष पात्र मुख्य भूमिका निभाते हैं—एक ‘रौला’ (वर) और दूसरी ‘रौलाणे’ (वधू)।

रौला पारंपरिक हिमाचली परिधान, लाल रंग की गच्छी और ऊनी कपड़े पहने होता है, उसका चेहरा नकाब से ढका होता है और हाथ में सुरक्षा के लिए ‘राकस’ यानी छुरी होती है। वहीं, वधू की भूमिका निभाने वाला पात्र कत्थी, चोली, कमरबंद और फूलों से सजे मुकुट के साथ डागलो, बिटरी और कौंताई जैसे पारंपरिक चांदी के आभूषणों से सजा-धजा होता है।

नागिन नारायण मंदिर में होता है भव्य आयोजन

पारंपरिक वेशभूषा में सजे रौला और रौलाणे जब धीमे कदमों से रोलानी नृत्य करते हुए उत्सव स्थल पर पहुंचते हैं, तो ढोल-दमाऊ की थाप के बीच पूरे गांव में एक भव्य जुलूस निकाला जाता है। इस दौरान हवा में जौ का आटा छिड़ककर उत्सव का माहौल और भी रंगीन बनाया जाता है। इस आयोजन में गांव के सभी लोग पारंपरिक हिमाचली लिबास में शामिल होकर इस सांस्कृतिक पर्व का बढ़-चढ़कर आनंद लेते हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News