कांगड़ा के गंगथ क्षेत्र में लंपी वायरस की फिर दस्तक, मवेशियों की आंखों पर असर पड़ने से पशुपालक चिंतित

Share

- Advertisement -

Kangra News: कांगड़ा जिले के गंगथ इलाके में पशुओं में लंपी बीमारी के नए मामले मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है। इस बार वायरस के लक्षण काफी खतरनाक दिखाई दे रहे हैं। कई पशुओं में संक्रमण की वजह से आंखों की रोशनी चले जाने के गंभीर मामले सामने आए हैं।

खड़ोल गांव में गाय की हालत बेहद नाजुक, एक आंख की रोशनी गई

रप्पड़ पंचायत के खड़ोल गांव में लंपी वायरस की चपेट में आने से एक गाय गंभीर रूप से बीमार हो गई है। गाय के पूरे शरीर पर बड़े घाव बन गए हैं और पैरों में सूजन है। संक्रमण इतना तेज था कि एक आंख की पुतली बाहर निकल आई, जिससे उसे दिखना बंद हो गया है।

गंगथ पशु अस्पताल की मेडिकल टीम लगातार इस गाय का इलाज कर रही है, लेकिन उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। गाय की ऐसी गंभीर स्थिति देखकर आसपास के गांवों के पशुपालक भी डर गए हैं। लोग अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर काफी परेशान दिखाई दे रहे हैं।

विभाग ने 70 मामलों के इलाज का किया दावा, स्थिति नियंत्रण में

पशु अस्पताल गंगथ की डॉक्टर तन्नू डोगरा और फार्मासिस्ट राजीव शर्मा ने बताया कि क्षेत्र की 14 डिस्पेंसरियों में करीब 60 से 70 मामले दर्ज हुए थे। विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए सभी का इलाज किया है। डॉक्टरों के अनुसार अब हालात पूरी तरह काबू में हैं और डरने की जरूरत नहीं है।

पशुपालन विभाग ने लोगों को साफ-सफाई रखने और बाड़े में मक्खी-मच्छर न पनपने देने की सख्त सलाह दी है। ये कीट ही वायरस को तेजी से फैलाते हैं। विभाग ने कहा है कि बीमार पशु को तुरंत अलग बांधें और लक्षण दिखते ही फौरन नजदीकी पशु चिकित्सालय में संपर्क करें।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News