सऊदी अरब में एयरपोर्ट पर हूती हमले के बाद दिल्ली-रियाद फ्लाइट वापस लौटी, उड़ानें 10 अक्टूबर तक रद्द

Share

- Advertisement -

Delhi News: सऊदी अरब के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों के भीषण हमले के बाद सुरक्षा कारणों से दिल्ली से रियाद जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को बीच रास्ते से वापस मोड़ दिया गया। इसके साथ ही भारतीय विमानन कंपनियों ने 10 अक्टूबर तक रियाद की सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं और दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है।

एअर इंडिया की फ्लाइट AI2243 ने दिल्ली से रियाद के लिए उड़ान भरी थी। यह विमान गुजरात के ऊपर से होते हुए अरब सागर के ऊपर पहुंचा ही था कि सुरक्षा हालात को देखते हुए पायलटों ने इसे वापस मोड़ने का फैसला किया। इसके बाद विमान दिल्ली की ओर सुरक्षित लौट आया।

गंभीर सुरक्षा स्थिति को देखते हुए एअर इंडिया, इंडिगो और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 10 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दी हैं। एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों की यात्रा इससे प्रभावित हुई है, उन्हें टिकट का पूरा रिफंड वापस किया जाएगा।

हालात को देखते हुए रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने कहा, ‘अभी के हालात को देखते हुए, सऊदी अरब में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अलर्ट और सावधान रहें, जरूरत के हिसाब से घर के अंदर रहें, और लोकल अधिकारियों द्वारा ऑफिशियल चैनल से दिए गए निर्देशों का पालन करें।’

भारतीय दूतावास ने नागरिकों को यह भी हिदायत दी है कि वे मौजूदा घटनाओं से जुड़े किसी भी वीडियो या खबर को सोशल मीडिया पर शेयर या दोबारा पोस्ट न करें। रियाद में दूतावास, जेद्दा में कॉन्सुलेट और वीएफएस के जरिए आउटसोर्स्ड सर्विस सामान्य रूप से काम कर रही हैं और जरूरी अपडेट जारी करती रहेंगी।

भारतीय समुदाय के लिए प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र (PBSK) का 24×7 हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 8002471234 जारी किया गया है। लोग आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जानकारी ले सकते हैं। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कई धमाके हुए, जिसमें किंग खालिद एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया। हमले के बाद यह एयरपोर्ट फिर बंद हो गया।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई और कम से कम 8 लोग घायल हो गए। हूतियों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। भारत ने रियाद के आभा और किंग खालिद हवाई अड्डों पर हुए इन हमलों की कड़ी निंदा की है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके परिवारों के प्रति हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की हम कामना करते हैं। हम सऊदी अरब साम्राज्य की जनता और सरकार के साथ एकजुटता व्यक्त करते हैं और उनके साथ खड़े हैं।’

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News