बड़ा भंगाल ट्रेकिंग पर निकले पांच युवक भारी बर्फबारी के बीच लापता, प्रशासन ने शुरू किया बड़े पैमाने पर खोजबीन अभियान

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल की ट्रेकिंग पर गए पांच युवक बीते 15 घंटे से लापता हैं। थमसर जोत और आसपास के इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। युवाओं की सलामती को लेकर परिजनों और स्थानीय प्रशासन की चिंता काफी बढ़ गई है।

लापता युवाओं की पहचान अंकुर मालानी, सत्यम साबू, पवन, श्याम आर और तरुण राठी के रूप में हुई है। इन सभी की उम्र 28 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। ये सभी युवक कहां के रहने वाले हैं, इसके बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। प्रशासन अब इनकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटा है।

प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, पांचों ट्रैकरों ने कांगड़ा जिले के बीड़ की राजगुंधा घाटी से 5 अक्तूबर को यात्रा शुरू की थी। उनका प्लान थमसर पास पार कर बड़ा भंगाल होते हुए 7 अक्तूबर को चंबा के भरमौर पहुंचने का था। जब वे तय समय पर नहीं पहुंचे, तो एक महिला ने स्थानीय प्रशासन को सूचना दी।

महिला ने अधिकारियों को बताया कि 7 अक्तूबर को भरमौर में उसकी इन युवकों से मुलाकात तय थी। बैजनाथ के एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि खबर मिलते ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन ट्रैकरों ने प्रशासन को अपनी यात्रा के बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं दी थी।

एसडीएम ने बताया कि मौसम को देखते हुए इस इलाके में ट्रेकिंग करना काफी जोखिमभरा है। बड़ा भंगाल में सैटेलाइट फोन काम न करने से भी संपर्क में दिक्कत आ रही है। स्थानीय गड्डियों ने जानकारी दी है कि बीते दिन थमसर के आसपास काफी भारी हिमपात हुआ है, जिससे रास्ते पूरी तरह बंद हो सकते हैं।

बैजनाथ उपमंडल में आने वाला बड़ा भंगाल राज्य का सबसे दुर्गम इलाका माना जाता है। यहां न बिजली है और न ही फोन नेटवर्क। थमसर जोत के रास्ते तीन दिन की कठिन चढ़ाई के बाद ही यहां पहुंचा जा सकता है। सर्दियों में यहां भीषण बर्फबारी होती है, जिसके कारण अधिकांश आबादी बीड़ बिलिंग आ जाती है।

इस इलाके में कोई सड़क न होने के कारण प्रशासन केवल हेलीकॉप्टर से ही राशन और जरूरी सुविधाएं पहुंचाता है। इतिहास में अब तक हिमाचल के दो मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सुखविंदर सिंह सुक्खू ही यहां पहुंच सके हैं। फिलहाल बचाव दल लापता युवाओं की तलाश में पूरी ताकत से जुटा हुआ है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News