Kangra News: विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में टेंडम उड़ान के दौरान 26 वर्षीय पर्यटक शुभम डोबलियाल की हवा से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। उड़ान भरने के महज छह मिनट बाद यह हादसा हुआ। पुलिस ने संबंधित पायलट के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा पेश आया। ग्रेटर नोएडा से परिवार संग घूमने आए 26 वर्षीय पर्यटक शुभम डोबलियाल की टेंडम पैराग्लाइडिंग उड़ान के दौरान नीचे गिरने से मौत हो गई।
उड़ान के छह मिनट बाद जंगल में गिरा पर्यटक
जानकारी के अनुसार, शुभम ने पायलट विनय कुमार के साथ बिलिंग से टेंडम उड़ान भरी थी। उड़ान शुरू होने के करीब छह मिनट बाद ही वह पैराग्लाइडर से अनियंत्रित होकर नीचे बाड़ी गांव के समीप घने जंगल में जा गिरा। वहीं, पायलट सुरक्षित लैंडिंग साइट पर पहुंच गया। लैंडिंग के बाद पायलट ने अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही बचाव दल ने घने जंगलों में गहन तलाश अभियान चलाया और देर रात मशक्कत के बाद शुभम का शव बरामद किया। मृतक अपनी बहन और तीन चचेरे भाइयों के साथ हिमाचल भ्रमण पर आया हुआ था।
पायलट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, सुरक्षा पहलुओं की जांच जारी
कांगड़ा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पायलट विनय कुमार के खिलाफ बीड़ पुलिस थाने में लापरवाही के कारण मौत की धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा के अनुसार, हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हार्नेस, सुरक्षा बेल्ट के ढीले होने या टूटने तथा उड़ान के दौरान पायलट द्वारा की गई मूवमेंट जैसे बिंदुओं की जांच की जा रही है। इसके साथ ही पायलट का ड्रग टेस्ट भी करवाया जा रहा है।
टेंडम उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद बीड़-बिलिंग में टेंडम उड़ानों के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि मामले की हर पहलू से विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि टेंडम फ्लाइट में पर्यटक पूरी तरह से पायलट और सुरक्षा उपकरणों पर निर्भर रहता है, इसलिए सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।