बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडर की सीट का लॉक खुलने से हादसा, ग्रेटर नोएडा के 26 वर्षीय पर्यटक की मौत

Share

- Advertisement -

Kangra News: विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें ग्रेटर नोएडा के 26 वर्षीय पर्यटक शुभम डोबलियाल की जान चली गई। उड़ान के दौरान अचानक सीट लॉक खुलने से पर्यटक नीचे घने जंगल में जा गिरा। पुलिस ने पायलट की लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के दौरान हुए एक बड़े हादसे में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा निवासी 26 वर्षीय पर्यटक शुभम डोबलियाल की मौत हो गई। शुभम अपने परिवार के साथ हिमाचल भ्रमण पर आया हुआ था और मंगलवार शाम करीब 4:50 बजे उसने बिलिंग से उड़ान भरी थी।

उड़ान भरते ही खुला सीट लॉक, जंगल में गिरा पर्यटक

मृतक शुभम का परिवार ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक ईको विलेज-3 सोसायटी का निवासी है। पुलिस थाना बीड़ में दी गई शिकायत में मृतक की बहन ने बताया कि वे सभी हिमाचल घूमने आए थे और शुभम ने पैराग्लाइडिंग करने का निर्णय लिया था।

बहन के अनुसार, बिलिंग से उड़ान भरने के कुछ ही दूरी बाद शुभम का पैराग्लाइडर नीचे उड़ रहा था। इसी दौरान अचानक पैराग्लाइडर सीट का लॉक खुल गया, जिससे शुभम का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे की ओर खिसकते हुए सीधे घने जंगलों में जा गिरा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, पायलट पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद चलाए गए तलाशी अभियान के तहत देर रात शुभम को जंगल से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएच) बैजनाथ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की बहन ने आरोप लगाया है कि यह हादसा पैराग्लाइडर पायलट विनय कुमार (निवासी गांव कोटली, गुनेहड़, बैजनाथ) की घोर लापरवाही और जल्दबाजी में उड़ान भरने के कारण हुआ है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, तकनीकी पहलुओं की जांच जारी

कांगड़ा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पायलट विनय कुमार के खिलाफ बीड़ थाने में लापरवाही के कारण मौत की धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।

पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा के अनुसार, हादसे के वास्तविक और तकनीकी कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। सुरक्षा उपकरणों, हार्नेस और सीट लॉक सिस्टम सहित सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News