अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगी 7 करोड़ की रंगदारी

Share

- Advertisement -

Mohali News: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी गई है और साथ ही सात करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी गई है। दिल्ली के तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर केजरीवाल तक यह संदेश पहुंचाने को कहा गया, जिसके बाद उन्होंने 6 नवंबर को मोहाली पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

मोहाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। शुरुआती जांच में आरोपी के हरियाणा के रोहतक का रहने वाला होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

विधायक जरनैल सिंह के फोन पर आया कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज

विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर एक कॉल आया और व्हाट्सऐप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे गए। शिकायत के अनुसार, व्हाट्सऐप पर आरोपी का प्रोफाइल नाम ‘एच’ (H) दिखाई दे रहा था।

कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा, “अरविंद केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कह दो, नहीं तो उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा।” आरोपी ने फोन पर धमकी देने के साथ-साथ उसी मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर भी सात करोड़ रुपये की मांग और हत्या की धमकी को दोहराया।

कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी पुलिस

विधायक जरनैल सिंह ने अपनी शिकायत में पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी लॉग और लोकेशन ट्रेस कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने का भी अनुरोध किया है। साइबर क्राइम टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन और पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है।

पहले भी मिल चुकी है जान से मारने की धमकी

गौरतलब है कि इससे पहले मई 2024 में भी अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। उस समय दिल्ली मेट्रो ट्रेन के कोच के भीतर धमकी भरे संदेश लिखकर उन्हें निशाना बनाने की बात कही गई थी। वहीं, पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले सामने आई इस रंगदारी और हत्या की धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों और पंजाब पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News