Kangra News: हिमाचल प्रदेश के पालमपुर शहर में दीपावली से ठीक पहले एक घर में इलेक्ट्रॉनिक दीयों की वजह से भीषण आग लग गई। पालमपुर नगर निगम के वार्ड नंबर तीन में पुलिस थाने के समीप हुई इस घटना में लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई, जबकि दमकल विभाग की मुस्तैदी से 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बचा ली गई। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
3डी पीवीसी दीवार और पैनल तक फैली आग
शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे वार्ड नंबर तीन निवासी धीरज खन्ना पुत्र यशपाल सिंह के मकान की पहली मंजिल पर बने ड्राइंग रूम में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीवार पर जलाए गए इलेक्ट्रॉनिक दीयों से आग 3डी पीवीसी दीवार में लग गई और देखते ही देखते छत के पीवीसी पैनल तक पहुंच गई। लपटों ने कमरे में रखे सोफे और टेबल को अपनी चपेट में लेने के बाद पहली मंजिल के अन्य हिस्सों और साथ लगते कमरों को भी नुकसान पहुंचाया।
परिवार ने सूझबूझ से बचाई जान
मकान मालिक धीरज खन्ना ने बताया कि घटना के समय वह अपने परिवार के साथ पास वाले कमरे में बैठे थे। करीब एक महीने पहले ही उनके घर का यह ड्राइंग रूम तैयार किया गया था, जिससे अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जब वह कमरे की ओर गए तो वहां घना धुआं भरा होने के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने तुरंत अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला और आसपास के लोगों को सूचना दी। तब तक आग पहली मंजिल के काफी हिस्से में फैल चुकी थी।
दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई
अग्निशमन विभाग को रात करीब 8:40 बजे घटना की सूचना मिली। लीडिंग फायरमैन उमेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग नौ बजे घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। नजदीक स्थित पुलिस थाने और पुलिस रेजिडेंस से भी कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में पूरा सहयोग दिया।
पालमपुर अग्निशमन केंद्र के अग्निशमन अधिकारी सुरिंद्र कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना में लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद वार्ड नंबर तीन की पार्षद रणजीत कौर और पूर्व पार्षद दिलबाग सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।