Kangra, Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के इंदौरा के भदरोआ में दीवाली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 43 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
दीवाली की खुशियां मातम में बदलीं
जिला कांगड़ा के इंदौरा तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव गगवाल (डाकघर भदरोआ) निवासी 43 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू पुत्र प्रकाश चंद दीपावली के पावन अवसर पर पटाखे और मिठाइयां लेकर अपने घर पहुंचे थे। घर पर उनके बच्चे पिता के लौटने का इंतजार कर रहे थे। इसके बाद वह कुछ जरूरी सामान लेने के लिए दोबारा बाजार निकले थे।
रात करीब 9:32 बजे जब वह सीएस पठानिया होटल के नजदीक पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में राजकुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से दीपावली के दीप जलाने वाले घर में मातम पसरा हुआ है।
सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध कार
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के दौरान फुटेज में एक संदिग्ध हुंडई आई-20 (Hyundai i-20) कार नजर आई है, हालांकि उसका नंबर अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अब अन्य कैमरों की फुटेज की मदद से वाहन की पहचान करने और चालक तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। पुलिस इस पहलू पर भी गहराई से जांच कर रही है कि यह हादसा इसी संदिग्ध कार से हुआ था या इसमें कोई अन्य वाहन शामिल था।
एसपी इल्मा अफरोज ने लिया कड़ा संज्ञान
नूरपुर की पुलिस अधीक्षक (SP) इल्मा अफरोज ने इस दर्दनाक हादसे को अत्यंत गंभीरता से लिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में शामिल वाहन का जल्द से जल्द पता लगाया जाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है ताकि अज्ञात वाहन चालक की शिनाख्त कर उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सके।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सहायता की गुहार
मृतक राजकुमार अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं, जिनमें से एक बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ भी बताई जा रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही काफी कमजोर है, जिसके कारण इस अचानक हुए हादसे ने परिजनों के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
घटना से आहत परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने सरकार तथा जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि इन बेसहारा बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके। इसके अलावा ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से यह भी मांग की है कि जल्द से जल्द अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।