कालाअम्ब में बेकाबू ट्राले ने मचाया तांडव, दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Share

- Advertisement -

Nahan News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कालाअम्ब में शनिवार देर रात एक बेकाबू ट्राले ने जमकर कहर बरपाया। तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक व्यक्ति हिमाचल के कांगड़ा का रहने वाला था, जबकि दूसरा बिहार का निवासी बताया जा रहा है।

हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं दूसरे गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। सिरमौर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस घटना से सनसनी फैल गई है।

अनियंत्रित ट्राले ने सबसे पहले रुचिरा पेपर मिल के पास एक राहगीर को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद वाहन चालक ने आगे जाकर श्याम धर्म कांटे के पास दूसरे व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल को नारायणगढ़ अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

हादसे को अंजाम देने के बाद बेकाबू ट्राला हरियाणा सीमा में प्रवेश कर गया और वहां एक दुकान में जा घुसा। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आपातकालीन पुलिस नंबर 112 पर सूचना दी और वाहन में मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति को मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस के पहुंचने पर पकड़ा गया व्यक्ति खुद को ट्राले का परिचालक बताने लगा। उसने दावा किया कि उसे गाड़ी चलानी नहीं आती और वह चालक नहीं है। उसके इस बयान ने पूरी घटना को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बयान सच है या झूठ।

पुलिस जांच कर रही है कि असली चालक मौके से फरार हुआ है या पकड़ा गया व्यक्ति ही झूठ बोल रहा है। पुलिस के अनुसार यह ट्राला कालाअम्ब-त्रिलोकपुर मार्ग पर स्थित एक लोहा उद्योग से माल खाली करके निकला था। अब संबंधित फैक्ट्री के एंट्री रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है।

असली चालक की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही उद्योग में वाहन की एंट्री से जुड़े दस्तावेज भी चेक किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का सच सामने आ पाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News