Chamba News: हिमाचल प्रदेश के भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लिल्ह स्थित रामलीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी ने एक विशाल जनसभा का आयोजन किया. रैली में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने प्रदेश सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला और केंद्र की विकास योजनाओं का ब्योरा रखा.
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में चल रहे बड़े विकास कार्य केंद्र सरकार की देन हैं. उन्होंने कहा कि पठानकोट-भरमौर मार्ग को एनएचएआई में शामिल करना ऐतिहासिक कदम है. आगामी दो महीनों में इस हाईवे पर निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ेगा, जिसमें 6 सुरंगें और छोटे फ्लाईओवर बनेंगे.
इसके अलावा जनजातीय क्षेत्र पांगी को साल के 12 महीने सड़क संपर्क से जोड़े रखने के लिए 5 नई सुरंगों के निर्माण की योजना स्वीकृत की गई है. बीआरओ इन प्रोजेक्ट्स की देखरेख करेगा. रावी नदी के जलस्तर से नुकसान रोकने के लिए 6.70 करोड़ रुपये से कंक्रीट डंगे लगाने की मंजूरी दी गई है.
जनसभा में जयराम ठाकुर के भाषण के दौरान कटी बिजली
कार्यक्रम में भरमौर के विधायक डॉक्टर जनक राज, चुराह के विधायक डॉक्टर हंस राज, जिला प्रभारी डॉक्टर विपिन सिंह परमार और जिलाध्यक्ष धीरज नरयाल भी मौजूद रहे. इनके अलावा त्रिलोचन महादेव मंडल अध्यक्ष पवन भारद्वाज, अंग्रेज कपूर और विनोद ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मंच पर उपस्थित थे.
संबोधन के दौरान जैसे ही नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर माइक पर पहुंचे, अचानक बिजली गुल हो गई. इससे गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए. करीब पांच मिनट बाद बिजली बहाल होने पर जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग ओछी राजनीति और घटियापन पर उतर आए हैं.
