Shimla News: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की कैंपस यूनिट ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। छात्र कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार द्वारा लाए गए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2026 का कड़ा विरोध किया और यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार इस नए विधेयक के जरिए विश्वविद्यालय की स्वायत्तता को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। एबीवीपी कैंपस यूनिट के अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय जैसे स्वतंत्र और स्वायत्त संस्थान को सरकारी विभाग की तरह चलाने का प्रयास छात्र संगठन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्र परिषद ने आई-टेप (ITEP) के विद्यार्थियों के लिए स्थायी फैकल्टी और शिक्षकों की तुरंत नियुक्ति की मांग उठाई। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों के लिए पर्याप्त कक्षाओं की व्यवस्था करने और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराने की जोरदार वकालत की।
एबीवीपी ने यूआईएलएस (UILS), यूसीबीएस (UCBS) और यूआईटी (UIT) के छात्रों को भी हॉस्टल आवंटन की सुविधा देने की मांग उठाई है। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।