Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए आईएएस अधिकारी डॉ. यूनुस के कार्यभार में विस्तार किया है। कार्मिक विभाग द्वारा 14 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, डॉ. यूनुस को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके अलावा उन्हें हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, शिमला के सदस्य सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं डॉ. यूनुस
सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, 2010 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. यूनुस वर्तमान में राज्य कर एवं आबकारी विभाग में सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही वह पहले से ही सचिव (एसएडी, जीएडी, सैनिक कल्याण एवं संसदीय कार्य) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं। अब सरकार ने उनके जिम्मे पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण जैसे अहम विभागों का अतिरिक्त दायित्व भी सौंप दिया है। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के आदेशानुसार जारी यह प्रशासनिक व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण की अहम भूमिका
पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण नियंत्रण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। बादलों के फटने, भूस्खलन और अनियमित बारिश जैसी प्राकृतिक चुनौतियों के बीच इन विभागों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जल और वायु प्रदूषण की रोकथाम से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू करने, उद्योगों की स्थापना की निगरानी और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने का कार्य करता है। नए प्रशासनिक बदलाव के बाद अब विभिन्न अहम विभागों का जिम्मा संभाल रहे डॉ. यूनुस के कामकाज पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।