Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में कंप्यूटर शिक्षकों की भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। पोस्ट कोड-26032 के तहत फिक्स मानदेय के 118 पदों के लिए हुई कंप्यूटर आधारित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के बाद 117 योग्य उम्मीदवारों का चयन हुआ है।
आधिकारिक वेबसाइट पर मेरिट लिस्ट अपलोड
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए 2581 उम्मीदवारों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें से 2021 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में भाग लिया। मेरिट के आधार पर 293 अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए चुना गया था। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम चयन सूची तैयार की गई।
दस्तावेज सत्यापन 13 और 17 अगस्त को आयोग कार्यालय में आयोजित किया गया था। जांच के बाद 117 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ। हालांकि, योग्य उम्मीदवार उपलब्ध न होने की वजह से एससी स्वतंत्रता सेनानी परिजन वर्ग का 1 पद रिक्त रह गया है। चयनित अभ्यर्थियों का विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध है।
वेबसाइट पर नाम और रोल नंबर उपलब्ध
सचिव ने स्पष्ट किया कि सभी सफल उम्मीदवारों की मेरिट सूची, रोल नंबर और प्राप्तांक आयोग के आधिकारिक पोर्टल hprca.hp.gov.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी पोर्टल पर लॉगिन कर अपना स्कोरकार्ड और विस्तृत परिणाम देख सकते हैं। आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने का दावा किया है।