Hamirpur News: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिला अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर आई है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 312 पदों पर आवेदन मांगे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा और चयन प्रक्रिया
आयोग अभ्यर्थियों का चयन 120 अंकों की लिखित परीक्षा के जरिए करेगा। लिखित परीक्षा में पास होने वाले उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। इस परीक्षा में नर्सिंग विषय के साथ सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, रीजनिंग, सामान्य हिंदी और अंग्रेजी के प्रश्न पूछे जाएंगे। यह नियुक्ति पांच साल के एंगेजमेंट आधार पर होगी।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा की पूरी जानकारी
इस भर्ती के लिए केवल हिमाचल की बोनाफाइड महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी। आवेदक के पास न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ बीएससी नर्सिंग या जीएनएम डिप्लोमा होना जरूरी है। साथ ही हिमाचल प्रदेश नर्सेज रजिस्ट्रेशन काउंसिल में पंजीकरण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 21 से 45 वर्ष तय की गई है।
चयनित नर्सों को हर महीने 25,000 रुपये का मानदेय मिलेगा। यह नियुक्ति केवल पांच वर्षों के लिए होगी और इसे नियमित सेवा नहीं माना जाएगा। परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर आएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।