Sirmour News: हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा से ठीक एक महीने पहले ‘टाइगर जंप’ को हटा दिया गया है। इस अचानक हुए बदलाव से नाराज सिरमौर जिले के युवाओं ने विरोध दर्ज कराया है। अभ्यर्थियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर इस फैसले पर फिर से विचार करने की मांग की है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से तय पैटर्न के हिसाब से तैयारी कर रहे थे। टाइगर जंप इस फिजिकल टेस्ट का बेहद अहम हिस्सा था, जिसके लिए युवाओं ने अपनी मेहनत, कीमती समय और संसाधन लगाए थे। ऐसे में अचानक हुए इस बदलाव से अभ्यर्थियों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
युवाओं ने साफ किया है कि वे भर्ती प्रक्रिया में कोई रुकावट नहीं डालना चाहते हैं। हालांकि, टेस्ट से इतने कम समय पहले नियम बदलने से उनकी पुरानी तैयारी प्रभावित हुई है। इसी वजह से सिरमौर के अभ्यर्थियों ने जिला पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस निर्णय पर दोबारा विचार किया जाए।