Shimla News: मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार को राज्य के 10 जिलों में आंधी चलने, बिजली चमकने और वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। लाहुल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित रहने की सख्त सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी दी है। इन इलाकों में खराब मौसम के चलते लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है ताकि किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके।
हिमाचल में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदलेगा
मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में वर्षा और ऊंची चोटियों पर हिमपात होने के आसार हैं। इन दो दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 18 से 20 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा।
पहाड़ों पर अब ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम पारा गिरकर 0.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं अन्य क्षेत्रों में सुबह और शाम ठंडी हवाएं चलने लगी हैं, हालांकि दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी का अहसास अभी बना हुआ है।
बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही, जबकि सराहन में एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी दर्ज हुई है, जो इस सीजन के सामान्य औसत तापमान से करीब 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
