Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय सोलन में 29 सितंबर को विभिन्न निजी कंपनियों के 186 पदों पर सीधी भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार तय समय पर इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी सोलन ने बताया कि साक्षात्कार मॉडल कैरियर सेंटर सोलन, नजदीक डिस्ट्रोफी अस्पताल जटोली में सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों में प्रोडक्शन ऑफिसर, एग्जीक्यूटिव, वेयरहाउस, मशीन ऑपरेटर, फिटर, हेल्पर, ट्रेनी, बीमा सखी और सिक्योरिटी गार्ड सहित कई पदों को भरा जाएगा।
विभागीय पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और जरूरी पात्रता की शर्तें
अभ्यर्थियों के लिए रोजगार कार्यालय में पहले से पंजीकृत होना अनिवार्य है। सभी योग्य आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर कैंडिडेट लॉगिन टैब के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके बाद प्रोफाइल पर दिख रही अधिसूचित रिक्तियों के लिए शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अपनी पसंद के पदों हेतु आवेदन किया जा सकता है।
साक्षात्कार में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे। सभी अभ्यर्थी 29 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से पहले निर्धारित पते पर पहुंचें। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए विभाग की तरफ से कोई यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।