Chamba News: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने आज भी कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान जिला चंबा के चुराह उपमंडल में बघेईगढ़-चांजू मार्ग पहाड़ी से मलबा और बड़ी चट्टानें गिरने के कारण पूरी तरह ठप हो गया।
मार्ग बंद होने के कारण ग्राम पंचायत चांजू और देहरा का संपर्क मुख्य रास्ते से कट गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र की मुख्य लाइफ लाइन है, जिससे आवाजाही ठप होने से भारी परेशानी हो रही है। इस दौरान चांजू से चंबा जा रही दो प्राइवेट बसें भी मलबे के कारण बीच रास्ते में फंस गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 31 अगस्त से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा। इसके चलते 1 सितंबर को कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आज से लेकर 31 अगस्त के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान जताया गया है। मानसून सीजन में अब तक करीब 1176 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज हुआ है।