Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान गुरुवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल सौदे और सैन्य अभियानों से जुड़ी टिप्पणियों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक व जोरदार हंगामा हुआ। दोनों ओर से हुई नारेबाजी और बढ़ते गतिरोध के कारण विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष मंत्री से माफी मांगने और उनकी टिप्पणियों को सदन के रिकॉर्ड से हटाने की मांग पर अड़ा रहा।
विपक्ष का आरोप और माफी की मांग
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी पर भारतीय सेना का अपमान करने का आरोप लगाया। जयराम ठाकुर ने कहा कि नेगी को राफेल और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर की गई अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा उनकी बातों को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए।
इस दौरान भाजपा विधायकों ने कांग्रेस पर देशविरोधी सोच रखने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और भाजपा विधायक सदन के वेल में आकर मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
राजस्व मंत्री का पलटवार और सरकार का पक्ष
दूसरी ओर, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष उन पर कोई आरोप लगा रहा है, तो उसे सिद्ध भी करे। नेगी ने राफेल विमानों की कीमतों में कथित वृद्धि (700 करोड़ रुपये से 2,300 करोड़ रुपये होने) और बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर की शहादत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सदन में उन्हें बोलने से रोकना गलत है।
सत्ता पक्ष की ओर से भी विपक्ष के विरोध के जवाब में नारे लगाए गए। इस विवाद पर संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मंत्री नेगी की टिप्पणी को महज एक ‘पासिंग रेफरेंस’ (सामान्य संदर्भ) बताया। वहीं, बढ़ते शोरगुल के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि यदि सेना के विरुद्ध कोई भी टिप्पणी या शब्द कहा गया है, तो उसे सदन की कार्यवाही से हटा दिया जाएगा।