हमीपुर के भोटा में टैक्सी और ट्रक की भीषण टक्कर, राजस्थान के 68 वर्षीय डॉ. योगेश चंद्र भट्ट की मौत

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में भोटा के पास वीरवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक टैक्सी और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में राजस्थान निवासी 68 वर्षीय डॉ. योगेश चंद्र भट्ट की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल टैक्सी ड्राइवर की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के उदयपुर निवासी डॉ. योगेश चंद्र भट्ट टैक्सी में सवार होकर चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान भोटा के समीप उनकी टैक्सी (HP 01B 9008) की सामने से आ रहे ट्रक (HP 52 C 0825) के साथ भीषण टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के एयरबैग खुलने के बावजूद डॉ. भट्ट को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने डॉ. योगेश चंद्र भट्ट को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान उदयपुर के शांतिनगर मार्ग निवासी डॉ. योगेश चंद्र भट्ट के रूप में हुई है। वह हमीरपुर में स्थित जायका प्रोजेक्ट में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंसी के एक्सपर्ट के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहीं घायल टैक्सी चालक का अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News