हिमाचल के नूरपुर में नशा तस्कर पर बड़ा एक्शन, पुलिस ने फ्रीज की 74 लाख से अधिक की अवैध संपत्ति

Share

- Advertisement -

Nurpur News: हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। ज्वाली पुलिस थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज केस में आरोपी रमेश कुमार की 74.12 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है। नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 6 अक्टूबर 2025 को ज्वाली थाने में एफआईआर संख्या 129 दर्ज हुई थी। पुलिस ने मादक पदार्थों की भारी मात्रा मिलने पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत आरोपी रमेश कुमार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस टीम ने केवल जब्ती तक सीमित न रहकर आरोपी की पूरी कमाई की वित्तीय जांच शुरू की।

नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी ने लगाई फ्रीजिंग पर मुहर

जांच में अवैध कमाई के पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत संपत्ति फ्रीज करने का आदेश दिया। मामले को अंतिम पुष्टि के लिए नई दिल्ली भेजा गया था। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक ने धारा 68एफ(2) के तहत आदेश जारी कर पुलिस की इस कानूनी कार्रवाई को अपनी पूरी मंजूरी दे दी।

फ्रीज की गई संपत्ति में गांव लव, मकडाहन स्थित सात दुकानों वाला दो मंजिला भवन शामिल है। इस रिहायशी इमारत की कीमत लगभग 68.99 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही आरोपी के बेटे के नाम पंजीकृत एक ट्रैक्टर भी जब्त हुआ है, जिसे साल 2019 में 5.13 लाख रुपये में खरीदा गया था।

नूरपुर पुलिस अब तक जब्त कर चुकी 30 करोड़ की संपत्ति

जांच एजेंसी के सामने ट्रैक्टर खरीद के जरूरी दस्तावेज और बाद के वर्षों के आयकर रिटर्न पेश नहीं किए जा सके। इन आदेशों के बाद अब इन संपत्तियों की कोई भी खरीद-बिक्री नहीं हो सकेगी। नूरपुर पुलिस अब तक तस्करों की 30.70 करोड़ रुपये से अधिक की काली कमाई जब्त कर उनके पूरे नेटवर्क को तोड़ चुकी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News