Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग ने 149 सरकारी सीबीएसई स्कूलों में विभिन्न श्रेणियों के 1359 पद आउटसोर्स आधार पर भरने का फैसला लिया है। इसके लिए राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन को मांग पत्र भेज दिया गया है। चयनित कर्मचारियों को योग्यता और पद के अनुसार 5,000 से 25,000 रुपये तक मासिक मानदेय मिलेगा।
विभाग द्वारा भेजी गई सूची के अनुसार स्कूलों में मल्टी टास्क वर्कर के सर्वाधिक 453 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा आया, कैटरिंग सुपरवाइजर, काउंसलर कम वेलनेस, योग शिक्षक, चौकीदार और सफाई कर्मचारी के 151-151 पदों पर भर्ती होगी। योजना के तहत हर स्कूल में तीन मल्टी टास्क वर्कर तैनात किए जाएंगे।
सीबीएसई नियमों के तहत 18 से 45 वर्ष आयु सीमा
इन सभी पदों के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। यह पूरी भर्ती सीबीएसई बोर्ड के नियमों और तय मानकों के आधार पर की जाएगी। प्रत्येक स्कूल में एक चौकीदार, एक कैटरिंग सुपरवाइजर और एक काउंसलर की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाएगी।
प्रदेश में चड़ीयार और पंजगई बने नए सीबीएसई स्कूल
इस बीच राज्य के दो और सरकारी स्कूलों चड़ीयार और पंजगई को सीबीएसई बोर्ड से आधिकारिक मान्यता मिल गई है। इसके साथ ही हिमाचल में ऐसे स्कूलों की संख्या 149 तक पहुंच गई है। पहले चरण में कुल 158 तथा दूसरे चरण में 100 और स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने की तैयारी है।
