Shimla News: हिमाचल प्रदेश सचिवालय में शनिवार सुबह मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की अहम बैठक शुरू हुई। लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस बैठक में लगभग 150 एजेंडा आइटम चर्चा के लिए रखे गए हैं। इसमें सरकारी भर्तियों और नई नीतियों को लेकर बड़े फैसले होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू शनिवार सुबह चंडीगढ़ से शिमला सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने आम लोगों से भी मुलाकात की। बैठक शुरू होने के बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पहुंचे। वहीं स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर बैठक शुरू होने तक सचिवालय नहीं पहुंचे थे।
चार हजार शिक्षकों की भर्ती और पोषण नीति पर टिकी निगाहें
इस महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक में शिक्षा विभाग में करीब चार हजार खाली पद भरने के प्रस्ताव पर विशेष नजर रहेगी। इसके साथ ही जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्कर्स की भर्ती और नई पोषण नीति को मंजूरी देने जैसे अहम प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल किए गए हैं।
सचिवालय सूत्रों के अनुसार करीब 150 एजेंडों में से 20 नए प्रस्ताव शनिवार सुबह ही कैबिनेट के लिए भेजे गए हैं। इससे पहले यह बैठक दो बार स्थगित हो चुकी थी। यही वजह है कि राज्य के बेरोजगार युवाओं, कर्मचारियों और विभागीय अधिकारियों की निगाहें इन फैसलों पर टिकी हैं।