Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। दिल्ली में आलाकमान के साथ मंथन के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला लौट चुके हैं। इस बीच धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के तंज पर कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने पलटवार किया है।
हिमाचल कैबिनेट में फिलहाल एक पद खाली है। इसके साथ ही मंत्रियों के विभागों में बदलाव और कुछ मंत्रियों को हटाने की चर्चाएं भी गर्म हैं। दिल्ली में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री के अलावा चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान, धनी राम शांडिल, विक्रमादित्य सिंह और रोहित ठाकुर डेरा डाले हुए हैं। इस वजह से शुक्रवार की कैबिनेट मीटिंग स्थगित रही।
दिल्ली में जारी इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया पर तंज कसा था। उन्होंने लिखा था कि हिमाचल कांग्रेस ने दिल्ली में “सुंदर कांड” किया है। सुधीर का यह निशाना मुख्य रूप से विधायक सुंदर सिंह पर था। उन्होंने इशारों में दावा किया था कि सुंदर सिंह का मंत्री बनने का सपना टूट गया है।
सुधीर शर्मा की पोस्ट पर पलटवार करते हुए सुंदर सिंह ठाकुर ने करारा जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “धर्मशाला के पंडित जी ‘सुंदर कांड’ तो घर-परिवार की समृद्धि के लिए है, पर आपने तो दूसरों के घर-परिवार में कांड कर रखे हैं।” बता दें कि मुख्यमंत्री कई मौकों पर सुंदर सिंह को मंत्री बनाने की बात कह चुके हैं।
अगस्त महीने में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा था कि मॉनसून सत्र के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। हालांकि विधानसभा सत्र खत्म हुए एक हफ्ता हो चुका है, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। अब राहुल गांधी से नेताओं की मुलाकात का इंतजार है, जिसके बाद ही विस्तार पर हरी झंडी मिलेगी।
