हिमाचल में फिर टला कैबिनेट विस्तार, राहुल गांधी ने मांगा मंत्रियों की परफार्मेंस का रिपोर्ट कार्ड

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार फिलहाल टल गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ दिल्ली में बैठक नहीं हो पाई। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से 30 सितंबर तक सभी मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड मांगा है, जिसके बाद ही कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू बुधवार को दिल्ली दौरा खत्म कर चंडीगढ़ पहुंचे और वीरवार को शिमला लौटेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी वापस आ गए हैं। हालांकि, मंत्री हर्षवर्धन चौहान, चंद्र कुमार, कर्नल धनीराम शांडिल, विक्रमादित्य सिंह और रोहित ठाकुर दिल्ली में डटे हुए हैं। इन मंत्रियों का वीरवार को लौटने का कार्यक्रम है।

राहुल गांधी के दिल्ली से बाहर होने के कारण यह अहम बैठक नहीं हो सकी। हालांकि, दो दिनों के दिल्ली प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्रियों ने शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार और संगठन से जुड़े फीडबैक के साथ-साथ अपने विभागों की परफार्मेंस रिपोर्ट भी पार्टी हाईकमान के समक्ष रखी है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से सुक्खू सरकार के साढ़े तीन वर्षों का पूरा हिसाब मांगा है। इसमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के विभागों के कामकाज की विस्तृत रिपोर्ट शामिल है। रिपोर्ट कार्ड मिलने और उसकी समीक्षा होने के बाद ही अब 30 सितंबर के बाद कैबिनेट विस्तार पर फैसला हो सकेगा।

मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही सरकार में कुछ और अहम नियुक्तियां भी संभव हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष और मुख्य सचेतक के पद पर नए विधायकों की तैनाती हो सकती है। मुख्य सचेतक को भी कैबिनेट रैंक दिया जाता है। माना जा रहा है कि कांगड़ा और मंडी जिले के विधायकों को इन पदों पर मौका मिल सकता है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News