Una News: हिमाचल प्रदेश के हरोली क्षेत्र को 15 नवंबर को विकास की तीन बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री इस दौरान वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखेंगे, साथ ही हरोली से नई दिल्ली के लिए वोल्वो बस सेवा और 14 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं और पूर्व सैनिकों को एक नया मंच मिलेगा।
वीर सैनिक सामुदायिक भवन और ई-रिक्शा सेवा का शुभारंभ
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निर्धारित कार्यक्रमों के तहत सुबह 11 बजे हरोली बस स्टैंड से हरोली-नई दिल्ली वोल्वो बस सेवा को रवाना किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे खंड विकास अधिकारी कार्यालय हरोली से 14 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाई जाएगी और दोपहर बाद करीब सवा 12 बजे हरोली में वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी जाएगी।
करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस वीर सैनिक सामुदायिक भवन से सैनिकों और पूर्व सैनिकों को बैठकों, कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक गतिविधियों के आयोजन के लिए एक स्थायी स्थान मिल सकेगा।
सैनिकों के सम्मान और स्वरोजगार पर विशेष जोर
उपमुख्यमंत्री का मानना है कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों और पूर्व सैनिकों को सिविल जीवन में भी पूरा सम्मान और उचित सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसी सोच के तहत रामपुर पुल के समीप विकसित की जा रही ‘न्यू हरोली’ की परिकल्पना में पूर्व सैनिक भवन को विशेष रूप से शामिल किया गया है। इसके अलावा, घालुवाल चौक में भारतीय सेना का टैंक स्थापित करने का उद्देश्य भी युवा पीढ़ी को देश की रक्षा में सैनिकों के योगदान से प्रेरित करना है।
हरोली से नई दिल्ली के लिए वोल्वो बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राजधानी आने-जाने में काफी आसानी होगी। वहीं, 14 ई-रिक्शा के संचालन से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।