Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की करोट डाक शाखा के एक डाक सेवक के किराए के कमरे से 800 लोगों की दो महीने पुरानी डाक मिली है। इनमें कॉल लेटर, पहचान पत्र, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और कई सरकारी दस्तावेज शामिल हैं। लापरवाही सामने आने पर विभाग ने आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के बाद निरीक्षण में खुला पूरा मामला
मूल रूप से हरियाणा निवासी डाकिया साहिल करीब 20 गांवों में डाक बांटता था। लगातार समय पर डाक न मिलने की शिकायतें आ रही थीं। डाक निरीक्षक ने 16 जुलाई को निरीक्षण किया तो रिकॉर्ड में कुछ डाक होल्ड दर्ज मिली। फोन करने पर लोगों ने बताया कि उन्हें डाक मिली ही नहीं है, जबकि कुछ से दस्तखत भी नहीं लिए गए थे।
डाकिए के कमरे से मिले 800 महत्वपूर्ण दस्तावेज
अधिकारियों ने संदेहास्पद डाकिए के कमरे की तलाशी ली तो वहां 200 पंजीकृत और 600 सामान्य पत्र बरामद हुए। डाकिया डाकघर से पत्र ले जाकर कमरे में जमा कर देता था। वह केवल कुछ ही लोगों तक डाक पहुंचाता था। इस बड़ी लापरवाही के उजागर होने के बाद विभाग ने सख्त एक्शन लिया है।
डाक विभाग ने शुरू किया डाक पहुंचाने का विशेष अभियान
हमीरपुर मंडल के वरिष्ठ अधीक्षक केएस चौहान ने बताया कि आरोपी डाकिए को तुरंत निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने कमरे से बरामद हुई सभी डाक को जल्द से जल्द उनके सही पतों तक पहुंचाने का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इससे उन सैकड़ों ग्रामीणों को राहत मिलेगी जिनकी जरूरी सरकारी डाक महीनों से अटकी हुई थी।