शिमला के धामी में 18 मिनट तक चला ऐतिहासिक पत्थर मेला, महेश के रक्त से हुआ मां भद्रकाली का तिलक

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के धामी स्थित हलोग गांव में सदियों पुरानी पत्थर मेले की परंपरा उत्साहपूर्वक निभाई गई। दो खूंदों के बीच करीब 18 मिनट तक चली पत्थरबाजी में जमोगी खूंद के महेश वर्मा के घायल होते ही खेल रोक दिया गया। इसके बाद उनके रक्त से मां भद्रकाली का तिलक किया गया।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 26 किलोमीटर दूर धामी रियासत के हलोग गांव में दिवाली के अगले दिन सदियों पुरानी ‘पत्थर मेला’ परंपरा का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक मेले में दो खूंदों (योद्धाओं की टोलियों) के बीच करीब 18 मिनट तक पत्थरों की बरसात हुई। खेल के दौरान जमोगी खूंद के 30 वर्षीय महेश वर्मा को पत्थर लगने से रक्त बहने लगा, जिसके तुरंत बाद पत्थरबाजी रोक दी गई। परंपरा के अनुसार, महेश के शरीर से निकले रक्त से मां भद्रकाली का रक्ततिलक किया गया। घायल होने के बावजूद महेश ने इसे मां का आशीर्वाद मानते हुए खुशी जताई। महेश शिमला नगर निगम के जल शक्ति विभाग में की-मैन के पद पर कार्यरत हैं और गोरी गांव के निवासी हैं। उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल भेजा गया।

धार्मिक अनुष्ठानों और राजपरिवार की अगुवाई में आगाज

हलोग गांव में पत्थर मेले की शुरुआत विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। सबसे पहले धामी राजपरिवार की ओर से कुल देवता देव कुर्गुण और फिर भगवान नरसिंह की पूजा-अर्चना संपन्न की गई। सभी धार्मिक रस्में पूरी होने के बाद धामी राजपरिवार के प्रमुख जगदीप सिंह ने पहला पत्थर फेंककर मेले का शुभारंभ किया। दोपहर 3 बजकर 36 मिनट पर शुरू हुआ यह खेल 3 बजकर 54 मिनट तक चला। मैदान में भारी संख्या में ग्रामीण और दूर-दराज से आए लोग इस ऐतिहासिक आयोजन के गवाह बने।

दो खूंदों के बीच पारंपरिक मुकाबला

यह पारंपरिक मुकाबला दो पक्षों (खूंदों) के बीच खेला जाता है। एक तरफ धामी राजपरिवार की खूंद के साथ धगोई, जठौती, कटेड़ू और टुनसू की टोलियां मैदान में उतरती हैं, जबकि दूसरी ओर जमोगी खूंद के लोग हिस्सा लेते हैं। इस आयोजन में शामिल होने वाले लोग इसे किसी आपसी द्वेष या रंजिश के बजाय पूरी खेल भावना और आस्था के साथ निभाते हैं। खेल का नियम है कि जैसे ही किसी व्यक्ति को पत्थर लगे और उसका खून निकले, खेल तुरंत रोक दिया जाता है।

नरबलि की जगह रानी ने शुरू कराई थी रक्ततिलक की प्रथा

धामी राजपरिवार के वंशज जगदीप सिंह के अनुसार, प्राचीन काल में क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए मां काली को नरबलि देने की प्रथा थी। धामी रियासत की एक रानी ने इस अमानवीय प्रथा का विरोध किया और नरबलि समाप्त कराई। इसके स्थान पर पत्थरों के खेल में निकलने वाले मानव रक्त से देवी का तिलक करने की नई परंपरा शुरू की गई। राजदरबार स्थित नरसिंह मंदिर के मुख्य पुजारी देवेंद्र कुमार भारद्वाज के अनुसार, यह परंपरा कई सदियों से चली आ रही है और आज भी प्राचीन विधि-विधानों का पूरी निष्ठा से पालन किया जाता है।

कोरोना संकट में भी निभाई गई थी परंपरा

इस मेले से जुड़ी आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान लगे लॉकडाउन में भी यह परंपरा टूटी नहीं थी। हालांकि उस समय भीड़ जुटाने पर पाबंदी थी, लेकिन राजपरिवार के प्रमुख जगदीप सिंह ने महज दो-तीन लोगों की मौजूदगी में स्वयं अपने रक्त से मां भद्रकाली का तिलक कर अनुष्ठान पूरा किया था। हर वर्ष इस अनूठे आयोजन को देखने और परंपरा का हिस्सा बनने के लिए क्षेत्र के युवाओं और बुजुर्गों में भारी उत्साह देखने को मिलता है।

Read more

Related News