Una News: हिमाचल प्रदेश के रेल यात्रियों को रेलवे ने बड़ा झटका दिया है। रेलवे ने दौलतपुर चौक और अंबाला कैंट के बीच चलने वाली अहम पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अक्टूबर तक रद कर दिया है। मई महीने से बंद चल रही इस ट्रेन की बहाली का इंतजार कर रहे यात्रियों को निराशा हाथ लगी है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक चंडीगढ़ स्टेशन पर इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विकास कार्य चल रहे हैं। इस वजह से सितंबर और अक्टूबर के दौरान कई रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। ट्रेन बंद रहने से रोजाना चंडीगढ़ आने-जाने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भारी असुविधा और परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
यह ट्रेन दौलतपुर चौक से चलकर रोजाना सुबह करीब 7:17 बजे ऊना पहुंचती थी, जो चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए बहुत सुविधाजनक साधन थी। अब इसके बंद होने से यात्रियों के पास सुबह पांच बजे चलने वाली जनशताब्दी के बाद सफर के सीमित विकल्प बचे हैं और घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से चंडीगढ़ स्टेशन का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन सेवा को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत बहाल किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिले।