Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के डगशाई पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र की पिटाई और रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच नाबालिग सीनियर छात्रों के खिलाफ धर्मपुर थाने में केस दर्ज किया है। स्कूल प्रबंधन ने पांचों आरोपित छात्रों को निलंबित कर दिया है।
प्रधानाचार्य तेजेंद्रजीत सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों को सुनने के बाद सख्त कार्रवाई होगी। पीड़ित और आरोपित दोनों पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें एक छात्र दूसरे को थप्पड़ मारता दिख रहा है। घटना के बाद घबराए कई अभिभावक स्कूल पहुंचे।
अभिभावकों ने हॉस्टल में लंबे समय से चल रही ऐसी गतिविधियों पर रोक न लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की। हरियाणा के जगाधरी से आए कुछ परिजनों ने बच्चों को दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने के लिए स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट की मांग की है।
जूनियर छात्रों का आरोप है कि सीनियर उनसे पैसों की मांग भी करते थे। अभिभावकों ने छह सितंबर को पुलिस में शिकायत दी थी कि 11वीं और 12वीं के छात्र चार माह से जूनियरों से मारपीट व अभद्र व्यवहार कर रहे थे। पांच सितंबर को भी नौवीं के छात्र को खींचकर पीटा गया।
एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो और सबूतों के आधार पर जांच जारी है। हिमाचल में इससे पहले भी रैगिंग के बड़े मामले आ चुके हैं। इनमें 2009 का चर्चित अमन काचरू हत्याकांड, 2025 का धर्मशाला कॉलेज छात्रा मामला और 2023 का आईआईटी मंडी रैगिंग प्रकरण शामिल है।