चंबा में 34 नवनिर्मित स्कूल भवनों का लोकार्पण, 551 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगी 65 नई सड़कें

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शिक्षा और सड़क ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं. सीएसआर के तहत 6.46 करोड़ रुपये से बने 34 स्कूल भवनों का डिजिटल लोकार्पण किया गया. साथ ही पीएमजीएसवाई-4 के तहत 551.22 करोड़ रुपये से 327 किलोमीटर लंबी 65 नई सड़कें बन रही हैं.

इस बड़े प्रोजेक्ट से जिले के 76 दूरदराज गांवों को पहली बार सीधी सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा. यह जानकारी शुक्रवार को चंबा में आयोजित जिला योजना एवं 20 सूत्री कार्यक्रम समिति की समीक्षा बैठक में सामने आई. बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की.

अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतिम चरण में पहुंचे विकास कार्यों को आपसी तालमेल के साथ तय समय में पूरा करें. उन्होंने मनरेगा, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और विद्युतीकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर संतोष जताया. लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि सड़कों का निर्माण तेजी से जारी है.

जल शक्ति विभाग के 740 करोड़ के प्रोजेक्ट जारी

जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा ने बताया कि जिले में 490 करोड़ रुपये के काम पूरे हो चुके हैं. इसके अलावा 740 करोड़ रुपये की जल योजनाएं प्रगति पर हैं और 1294 करोड़ रुपये के नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिलने की प्रक्रिया चल रही है.

समीक्षा बैठक में विधायक नीरज नैयर, उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल, एसपी विजय कुमार सकलानी, ललित ठाकुर, दिलदार अली बट्ट और लियाकत अली खान मौजूद रहे. इनके साथ ही एडीसी अमित मेहरा, एसडीएम चिराग शर्मा, सीएमओ डॉक्टर जालम सिंह भारद्वाज और जिला योजना अधिकारी डॉक्टर देवेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News