Kangra News: प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आश्विन माह के शरद कालीन नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर दान किया। पूरे नौ दिनों में मां के चरणों में कुल एक करोड़ 14 लाख 24 हजार रुपये का नकद चढ़ावा अर्पित हुआ। नवरात्र के नौवें दिन मंदिर में 8.08 लाख रुपये का नकद चढ़ावा दर्ज किया गया।
नौ दिनों में मां ज्वालामुखी के दरबार में आया भारी चढ़ावा
मंदिर अधिकारी और तहसीलदार अजय मांड्याल ने नौ दिनों में आए कुल चढ़ावे का आंकड़ा जारी किया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी आस्था के कारण कुल नकद राशि एक करोड़ 14 लाख 24 हजार रुपये तक पहुंच गई। नौवें दिन भी भक्तों ने 8 लाख 8 हजार रुपये का नकद चढ़ावा मां के चरणों में समर्पित किया।
विधायक संजय रतन ने कन्या पूजन के साथ किया नवरात्र का समापन
स्थानीय विधायक संजय रतन ने मंगलवार को पूरे विधि-विधान से कन्या पूजन करके शरद कालीन नवरात्र का औपचारिक समापन किया। नवरात्र मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन पर उन्होंने माता रानी का आभार जताया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन में हिस्सा लिया और लंगर का प्रसाद ग्रहण करके पुण्य कमाया।
38 हजार श्रद्धालुओं ने किए मां की अखंड ज्योति के पावन दर्शन
मंगलवार को करीब 38 हजार यात्रियों ने परिवार के साथ दिन-रात खुले मंदिर में मां ज्वाला की अखंड ज्योति के दर्शन किए। मेला व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए एसडीएम डाक्टर संजीव शर्मा, डीएसपी संजय शर्मा और थाना प्रभारी संदीप पटियाल मंदिर परिसर और सार्वजनिक स्थलों का लगातार दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते रहे।
