Pangi News: जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति के थिरोट से पांगी आ रही 33 केवी विद्युत लाइन पर काम करते समय एक युवक की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण हादसा पांगी घाटी के सीमांत गांव शोर के पास उस समय हुआ जब युवक खंभे पर तारें लगा रहा था।
मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर के रियासी जिला स्थित मामनकोट तहसील के चसाना निवासी 23 वर्षीय तारिक हुसैन पुत्र नवाब दीन के तौर पर हुई है। तारिक पिछले लगभग तीन महीनों से बिजली बोर्ड के एक अधिकृत ठेकेदार के अधीन 33 केवी ट्रांसमिशन लाइन पर कार्यरत था।
खंभे पर तार बांधते वक्त अचानक फिसला पैर
शोर गांव के समीप बिजली के खंभे पर काम करने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से युवक का पैर फिसल गया। इसके चलते वह सीधे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण गंभीर चोटें आने से तारिक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पांगी पुलिस थाना की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल किलाड़ भेजा। एसपी विजय सकलानी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।