Kullu News: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत कुल्लू और चम्बा में बड़ी कार्रवाई की है। दोनों जिलों में अलग-अलग मामलों में कुल 2.993 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने केरल के दो युवकों सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
मणिकर्ण के पास निजी बस से दो किलो से ज्यादा चरस बरामद
कुल्लू पुलिस की टीम डुंखरा चौक पर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक निजी बस को रोका गया, जिसमें सवार दो युवकों की हरकतें संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उनके पास से 2.343 किलोग्राम चरस मिली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आनंद और सार्थ श्याम दास के रूप में हुई है, जो केरल के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 में केस दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी। पुलिस अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है।
चम्बा में एसआईयू की रेड, किराए के कमरे से पकड़ा युवक
दूसरी कार्रवाई चम्बा जिले के तीसा क्षेत्र में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने की। गुप्त सूचना पर टीम ने एक किराए के कमरे पर छापा मारकर 650 ग्राम चरस बरामद की। मौके से चुराह तहसील के रमेश कुमार को पकड़ा गया। अदालत ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा है, जहां नेटवर्क की पड़ताल जारी है।