Chamba News: एचआरटीसी चालक एवं परिचालक यूनियन ने चंबा में निगम के एक अधिकारी पर कथित पैसे वसूली के आरोपों को लेकर मंगलवार को भी गेट मीटिंग कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन की अगुवाई एचआरटीसी चालक यूनियन के प्रधान मान सिंह ठाकुर ने की। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि चालकों और परिचालकों से कोई गलती होने पर प्रबंधन तत्काल कार्रवाई करता है। लेकिन चंबा में अधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों के बावजूद प्रशासन और सरकार चुप्पी साधे हुए हैं।
पदाधिकारियों ने कहा कि शिमला में गूगल-पे के जरिए पैसे के लेन-देन से जुड़े मामले में जांच बैठाकर तुरंत अधिकारी को निलंबित किया गया था। लेकिन चंबा में कथित पैसे के मामले में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी चालकों और परिचालकों को लगातार धमका रहा है।
यूनियन ने आरोप लगाया कि चंबा में हुए कथित 35 लाख रुपये के घोटाले को लेकर भी संबंधित अधिकारी के खिलाफ जांच चल रही है। पदाधिकारियों का कहना है कि अधिकारी के निलंबन के बाद ही मामले की निष्पक्ष जांच हो सकेगी। जब तक निलंबन नहीं होता, तब तक सही तथ्य सामने नहीं आएंगे।
यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा। बुधवार तक कार्रवाई न होने पर चालक-परिचालक काम छोड़ने का फैसला ले सकते हैं। इससे प्रदेश में सरकारी बसों की आवाजाही ठप हो सकती है। बस सेवाएं बाधित होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।